सोमवार, 27 सितंबर 2021

तुम्हारा मुस्कुराना …!!

तुम्हारा मुस्कुराना 
जैसे कागज़ पर सुकून 
लिखना है

तुम्हारा मेरी
भावनाओं से आहत होकर 
रोना जैसे मेरा साहित्य के साथ 
खिलवाड़ करना है
_______
© सरिता नैण

शुक्रवार, 24 सितंबर 2021

हां प्रेम है तुमसे

मेरा तुझपे
प्रेम कविता लिखना
मानो यह कहना है कि 
हां प्रेम है तुमसे

अंधेरी रात में तुमसे 
मेरा चांद की बात करना
मानो प्रेम की व्याख्या करना है
________
© सरिता नैण

गुरुवार, 23 सितंबर 2021

आज हम कोई बात नहीं करेंगे…!!

आज हम 
कोई बात नहीं करेंगे

कुछ पलों तक 
बिल्कुल ख़ामोश बैठ जाओ

इतना ख़ामोश कि 
हमारे कान एक-दूसरे की 
धड़कनें साफ़ सुन सकें

दुनिया के उसूलों 
से दूर मेरे पास बैठ जाओ
और सही ग़लत की चश्मा उतार कर 
आज के लिए ख़ुद को आजाद कर दो

ख़ाली पन्नों पर मैंने 
तमाम समझदारियां लिख दी हैं
अब इन उड़ते अल्फ़ाजों से कह दो 
कि ये अनपढ़ हो जाएं

अब जो होने वाला है
बस उसे तुम महसूस ही करना
दिमाग को नहीं दिल को कुछ ग़लत लगे 
तो तुम अभी बोल देना

सब ठीक 
हो तो आगे बढ़ते हैं
वरना चलो कोई ओर कविता पढ़ते हैं

अच्छा सुनो फ़िर…

तुम और मैं 
अब भी चुप से बैठे हैं लेकिन 
तुम समझ रहे हो वो सारी अनकही 
बातें जो कब से मैं तुमसे कह देना चाहती हूं

चलो तुम्हारी 
उलझन थोड़ी कम कर देती हूं
जो तुम ठीक से समझ पाओ कि मैं
क्या कहना चाहती हूं

इस रात की चार
दिवारी में दिलों की टिक-टिक 
सन्नाटे में होले-होले उलझ जाने देना

तुम दूर से 
बैठे मुझे देर तलक तकना 
मेरी पलकें झुकें तो तुम इशारा 
हां का समझना

फ़िर धीरे से लबों को चूमकर
फुलों के सारे रस खुद में भर लेना
काली रैना को सारी मेरी जुल्फ़ों में
समेट लेना

मेरा हाथ पकड़कर 
तुम खिड़की के पास ले चलना
फ़िर कमर के पीछे हाथ डाल कर
अपनी ओर खींच लेना

अपनी सांसों को
मेरी सांसों में गुथ लेना
झुकी पलकों पर लिखे हर्फ
पढ़ लेना

कुछ कहना नहीं बस
घंटों तक हाथ थामे बैठे रहना
मुझे चांद पसंद है तुम खुद को रात समझ लेना

सुनो जाना…

मेरे जिस्म को अभी तक 
बेपर्दा न होने देने का सलीका बता रहा है 
कि तुम्हारे प्रेम में कितना सब्र है

तुम्हारे हाथ से लिखे अक्षर 
बता रहें कि मैं कितनी ख़ूबसूरत हूं

और आखिर में तुम मुझसे 
पूछना कि तुम कुछ कहना चाहती हो?
और फ़िर मैं कह दूंगी तुम्हें कि

मैं सुनना चाहती हूं 
मेरी उम्र पर लिखी कोई नज़्म
जो वक़्त की झुर्रियां से कभी बुड्ढी ना हो

और बेनाम तेरी कोई कहानी होना 
चाहती हूं जिसका कोई अंजाम लिखना
 मुमकिन ना हो
______________
और ये ख़त का आखिरी पहरा
______________
कोई मुझे मुझ सा नहीं जानता
ये यकीं बहुत मुश्किल से बना पाई हूं 
कि मुझे कोई तुमसा नहीं जानता

ये मेरी कल्पनाएं है जो बेहिस 
उतार दी हैं मैंने ख़त पर
गर मिले कभी ये ख़त तुम्हें तो
जवाब में तुम समझदारियां लिखना
__________
© सरिता नैण

मंगलवार, 14 सितंबर 2021

प्रेम के ढ़ाई अक्षर

ज़िंदगी का सफ़र कुछ 
ऐसा ही चाहिए 
मंजिल तक हमसफ़र तुझ 
जैसा ही चाहिए

डगमग-डगमग नशे में यूं ही 
बहकते रहे क़दम मेरे
दूर तलक रफ़्तार में असर कुछ 
ऐसा ही चाहिए

खतों में करवटें बदलती कहानियां 
मुकम्मल हो मेरी
तेरे प्रेम के ढ़ाई अक्षर कुछ ऐसे 
ही चाहिए

ये जहां तेरा नाम लेके झुक जाए 
ख़ुदा की इबादत में
मेरी रहनुमाई का इस पर्दे पर मंज़र
कुछ ऐसा ही चाहिए
------------
© सरिता नैण

रविवार, 12 सितंबर 2021

हुस्न-ओ-शबाब

हुस्न-ओ-शबाब 
को पीना है तो 
लफ्ज़-ए-मुहब्बत लिख

जो तलाशते हैं 
मधुशाला में छलकते जाम 
उन्हें शराब पीने का पता ही नहीं

आँखों में 
इक अदना सा नशा है 
आंखों में उतर कर देख

जो मस्जिद 
में तलाशे ख़ुदा को 
वो बंदा ख़ुदा का नहीं
-----------
© सरिता नैण

ये लाल इश्क़…!!

तुम दुनिया के 
सबसे अच्छे पुरुष हो
ग़र तुम्हें स्त्री के लाल रंग 
से इश्क़ है

खुद को तमाम 
आडंबरों से दूर रखकर
ग़र तुम महसूस करते हो 

महिने के उन 
सात दिनों का फ़र्क जो 
बहुत ख़ूबसूरत होता है

तो तुम लायक़ हो 
एक स्त्री के जीवन साथी 
बनने के

तुम जानते हो ग़र 
पिरियड में उसकी पीड़ा के 
आंसू पोंछना

तो हां हक़ है 
तुम्हें उस स्त्री के जिस्म 
को चूमने का
-----------
© सरिता नैण

शनिवार, 11 सितंबर 2021

स्त्री के अरमान !!

एक स्त्री के 
अरमान चूल्हे में जल 
रही आग होते हैं

जो दिन भर उम्मीदों की 
आंच में धधकते 
अंगारे होंगे

और रात होते-होते 
चूल्हे में पड़ी ठंडी राख 
हो जाते हैं
----------
© सरिता नैण

प्रेम की दुनिया!



जब तुम पूरी दुनिया से 
विरक्त हो जाओगे
तो मैं होले से आकर तुम्हारी 
पीठ पर हाथ रखूंगी
और फ़िर प्रेम की दुनिया में मेरे 
साथ लौट आना
_________
© सरिता नैण

शुक्रवार, 3 सितंबर 2021

मैं साथ चलूंगा…!!

मैं औरों की तरह 
चांद तारे तोड़ने की 
बात नहीं कहूंगा

बस तेरे सफ़र में 
एक मुसाफ़िर बनकर 
उस रास्ते तक साथ चलूंगा 
जिसके बाद कोई रास्ता 
नज़र नहीं आता…!!
_________
© सरिता नैण

मैं मिलूंगी तुम्हें उन धूप के टुकड़ों में…!!

जब जिंदगी में सब कुछ 
बिखर रहा हो
खुद से दिल शिकायतें बेशुमार 
कर रहा हो
जब भीड़ में कोई पहचानने से 
इन्कार कर रहा हो

तो तुम परेशान मत होना, 
बस एक बार… एक बार

तलाशना तुम मेरे हाथ की 
छुअन और
फ़िर हक जताकर गले से 
लिपट जाना

तलाशना उन हवा के झोंको में 
मेरे स्पर्श को
जो तेरी पलकों को प्यार से 
चूम रही होगी

और फ़िर मैं मिलूंगी तुम्हें उन 
धूप के टुकड़ों में
जो तेरी जुल्फों में छुपे अंधेरे को 
दूर कर रहे होंगे !
_________
© सरिता नैण

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था !

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था  हमेशा खुद से ही तैयार होकर जाना बोरिंग होता है  ना कोई जाने की खुशी और ना ही पीछे कुछ छुट जाने का डर ल...