रविवार, 28 फ़रवरी 2021

सपनों की तुरपाई

संस्कारों के धागे से 
सिल जाते हैं अंगड़ाई लेते 
सपने
जब इज्ज़त की सुई से 
सपनों की तुरपाई करते हैं 
अपने

ज़ुबान भी ख़ामोश हो 
जाती है 
शरीर पर आए टांकों के 
निशान की तरह
और सूखी आंखे भी ज़मीं 
पर आई पपड़ी की तरह 
सिकुड़ती रह 
जाती है

फ़िर बस यूं ही ज़िंदगी के 
दिन गुज़र जाते हैं 
और रह जाता है मलाल 
सब सहकर चुप रह 
जाने का
---------------

सरिता नैण

शुक्रवार, 26 फ़रवरी 2021

वक़्त की लकीरें

आपके मुलायम हाथों पर 
वक़्त की कुछ लकीरें 
छोड़ जाऊंगी

एक सिरे पर सुकून बांधकर 
एक छोर पर कुछ तस्वीरें 
छोड़ जाऊंगी

जहां भर की नेमतें समेटकर 
आपके सजदे में
खुली दिल की ज़ंजीरें छोड़ जाऊंगी
--------

सरिता नैण


इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था !

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था  हमेशा खुद से ही तैयार होकर जाना बोरिंग होता है  ना कोई जाने की खुशी और ना ही पीछे कुछ छुट जाने का डर ल...