गुरुवार, 20 फ़रवरी 2025

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था !

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था 
हमेशा खुद से ही तैयार होकर जाना बोरिंग होता है 
ना कोई जाने की खुशी और ना ही पीछे कुछ छुट जाने का डर
लेकिन इस बार गुड़िया ने इतने प्यार से मेरे घर जाने की तैयारी की

हाथों में मेहंदी लगाना, अपने हाथों से खाना खिलाना 
हर वो छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखना जो 
एक मां अपनी बेटी को ससुराल विदा करते हुए रखती है 

इस बार जल्दी ये नहीं थी कि बस निकल जाएगी 
बल्कि एक डर था कि थोड़ी देर और रुकी तो 
मैं खुद को बहने से रोक नहीं पाउंगी 

पहली बार आज एक किराए का घर अपना मायके सा लगा 
इस बार लगा कि एक छोटी बहन मुझसे बड़ा होने में लगी है 
जिसे घर बार की कोई समझ नहीं है वो मुझे समझा रही है 

गुड़िया इस बार मेरा मन बहुत भारी है
लग रहा है जैसे सब कुछ पीछे छूट गया है 
साथ ले जाने के लिए बस यादें भर ही रह गई हैं 

गुड़िया लिखने के लिए बहुत कुछ है तुम्हारे लिए 
मेरी आंखों से निकल रहे आंसू सबुत है इस बात का
बहुत प्यार है गुड़िया तुमसे, तुम्हारी बातों से 
-----------
सरिता नैण

बुधवार, 12 फ़रवरी 2025

मुखौटे

हम पढ़ रहे थे छुअन इस हाथ से उस हाथ की
कोई खा गया सारी रोशनी उस रात की

अल्फ़ाजों ने मर्कज़-ए-गर्दिश से आगे की बात की
फ़िर अधूरी कहानी रह गई उस मुलाकात की

मैं चाह करूं खुशबू की तो मेरे सब्र की आजमाइश है
गर वो बन जाए मधुप तो मेरी मधुवन बनने की ख़्वाहिश है

इस क़दर मैंने उजाले को कालिख पहनाते हुए देखा है
अब तो दिन में भी घर से निकले में घबराते हुए देखा है 

आज-कल रंगों का मिज़ाज आदमी से मिलता नहीं है
बाज़ार में मुखौटे मिलने लगे हैं, कोई चेहरे वाला दिखता नहीं है 

___________________
सरिता नैण 

मंगलवार, 14 जनवरी 2025

पार्थ

रास्ते की किसी मोड़ की तलाश में 
जिंदगी के किस छोर पर आ गए हैं

नहीं मालूम होता किस मंजिल की 
सीढ़ियां हमें गुमराह किए जाती हैं और 
मृगतृष्णा के भटकाव से बाहर नहीं निकल पाते

दिन में निकलो तो शोरगुल के 
साथ वक्त बड़ा तेज भागता है 
रात को लंबी चादर ओढ़कर सोता है 

किसी को चाहना किसी से बिछड़ जाना 
कितनी हक़ीक़त है इन बुनियादी बातों में
जो मन के भंवर को कभी समझ नहीं आती 

फीके अरमान से लिए चले जा रहे है
जाने किस पहर का इंतजार है
सुलझने की जगह ज़िंदगी उलझनों से दरकरार है

धूप और छाया मानो अब महसूस नहीं होती
एक पतझड़ सा ही पूरे साल देखा है 
जो कभी रंगों से सपने उड़ने को देखे थे 
वो खुद का गला दबाकर 
आहट तक नहीं कर रहे है 

अब सपनो और अरमानों जैसी बाते 
ज्यादा करने का मन नहीं करता 
बात उदास होने की नहीं है पार्थ
बस आंखे भारी सी है
और सपनों से खाली सी हैं

किसी से बात करो तो लगता है 
अपना मन बहला रहा है और 
चुप्पी ज़हन को दीमक की भांति कुरेदती है 

ना दिवाली की रोशनी 
पहुंचती है उस अंधेरे तक
ना काले रंग पर होली के रंग चढ़ते हैं

रविवार, 8 दिसंबर 2024

कभी

कभी लिखूं कभी याद करूं 
कभी हंस पड़ूं कभी रो दूं 
कभी सब पा लूं कभी सब खो दूं 
कभी बांध लूं खुद को कभी उड़ जाऊं 
कभी दौड़ के आऊं कभी बिन कहे मुड़ जाऊं 
कभी जी लूं खुलकर कभी पुरा मर जाऊं 
________
सरिता नैण 

बुधवार, 4 दिसंबर 2024

ऐब

जिंदा तस्वीरों को ,
आंखों में कैद करना है !
जो मुहब्बत जैसा होता है ,
मुझे वो ऐब करना है! 
_________
सरिता नैण 

शुक्रवार, 22 नवंबर 2024

तजुर्बा

तजुर्बे की 
तलाश में एक सफ़र होना है 
ना मिले मंजिल 
तो रास्ते में गुज़र-बसर होना है 

घर को लौट कर 
मैं वापस नहीं जाऊंगा
जो धूप से बचाए मुसाफ़िर को 
मुझे वो शज़र होना है
________
सरिता नैण 

बुधवार, 13 नवंबर 2024

ख़याल

यूं बिखरी-बिखरी रातों का 
कुछ तो कमाल होगा 
तुम्हारे मसरूफ़ियत भरे वक्त में 
मेरा तो ख़याल होगा 

मुझे तलाश है आज भी 
तेरे रूहानियत सफ़र की
तेरी जिस्म की ख़्वाहिशों पे 
मेरा क्या हाल होगा 

तेरी जुबानी सुनना है मुझे 
उस कहानी का किस्सा 
जहां ज़वाब तुम्हारा और 
मेरा सवाल होगा 
_________
सरिता नैण



इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था !

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था  हमेशा खुद से ही तैयार होकर जाना बोरिंग होता है  ना कोई जाने की खुशी और ना ही पीछे कुछ छुट जाने का डर ल...