मंगलवार, 14 जनवरी 2025

पार्थ

रास्ते की किसी मोड़ की तलाश में 
जिंदगी के किस छोर पर आ गए हैं

नहीं मालूम होता किस मंजिल की 
सीढ़ियां हमें गुमराह किए जाती हैं और 
मृगतृष्णा के भटकाव से बाहर नहीं निकल पाते

दिन में निकलो तो शोरगुल के 
साथ वक्त बड़ा तेज भागता है 
रात को लंबी चादर ओढ़कर सोता है 

किसी को चाहना किसी से बिछड़ जाना 
कितनी हक़ीक़त है इन बुनियादी बातों में
जो मन के भंवर को कभी समझ नहीं आती 

फीके अरमान से लिए चले जा रहे है
जाने किस पहर का इंतजार है
सुलझने की जगह ज़िंदगी उलझनों से दरकरार है

धूप और छाया मानो अब महसूस नहीं होती
एक पतझड़ सा ही पूरे साल देखा है 
जो कभी रंगों से सपने उड़ने को देखे थे 
वो खुद का गला दबाकर 
आहट तक नहीं कर रहे है 

अब सपनो और अरमानों जैसी बाते 
ज्यादा करने का मन नहीं करता 
बात उदास होने की नहीं है पार्थ
बस आंखे भारी सी है
और सपनों से खाली सी हैं

किसी से बात करो तो लगता है 
अपना मन बहला रहा है और 
चुप्पी ज़हन को दीमक की भांति कुरेदती है 

ना दिवाली की रोशनी 
पहुंचती है उस अंधेरे तक
ना काले रंग पर होली के रंग चढ़ते हैं

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था !

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था  हमेशा खुद से ही तैयार होकर जाना बोरिंग होता है  ना कोई जाने की खुशी और ना ही पीछे कुछ छुट जाने का डर ल...