गुरुवार, 23 सितंबर 2021

आज हम कोई बात नहीं करेंगे…!!

आज हम 
कोई बात नहीं करेंगे

कुछ पलों तक 
बिल्कुल ख़ामोश बैठ जाओ

इतना ख़ामोश कि 
हमारे कान एक-दूसरे की 
धड़कनें साफ़ सुन सकें

दुनिया के उसूलों 
से दूर मेरे पास बैठ जाओ
और सही ग़लत की चश्मा उतार कर 
आज के लिए ख़ुद को आजाद कर दो

ख़ाली पन्नों पर मैंने 
तमाम समझदारियां लिख दी हैं
अब इन उड़ते अल्फ़ाजों से कह दो 
कि ये अनपढ़ हो जाएं

अब जो होने वाला है
बस उसे तुम महसूस ही करना
दिमाग को नहीं दिल को कुछ ग़लत लगे 
तो तुम अभी बोल देना

सब ठीक 
हो तो आगे बढ़ते हैं
वरना चलो कोई ओर कविता पढ़ते हैं

अच्छा सुनो फ़िर…

तुम और मैं 
अब भी चुप से बैठे हैं लेकिन 
तुम समझ रहे हो वो सारी अनकही 
बातें जो कब से मैं तुमसे कह देना चाहती हूं

चलो तुम्हारी 
उलझन थोड़ी कम कर देती हूं
जो तुम ठीक से समझ पाओ कि मैं
क्या कहना चाहती हूं

इस रात की चार
दिवारी में दिलों की टिक-टिक 
सन्नाटे में होले-होले उलझ जाने देना

तुम दूर से 
बैठे मुझे देर तलक तकना 
मेरी पलकें झुकें तो तुम इशारा 
हां का समझना

फ़िर धीरे से लबों को चूमकर
फुलों के सारे रस खुद में भर लेना
काली रैना को सारी मेरी जुल्फ़ों में
समेट लेना

मेरा हाथ पकड़कर 
तुम खिड़की के पास ले चलना
फ़िर कमर के पीछे हाथ डाल कर
अपनी ओर खींच लेना

अपनी सांसों को
मेरी सांसों में गुथ लेना
झुकी पलकों पर लिखे हर्फ
पढ़ लेना

कुछ कहना नहीं बस
घंटों तक हाथ थामे बैठे रहना
मुझे चांद पसंद है तुम खुद को रात समझ लेना

सुनो जाना…

मेरे जिस्म को अभी तक 
बेपर्दा न होने देने का सलीका बता रहा है 
कि तुम्हारे प्रेम में कितना सब्र है

तुम्हारे हाथ से लिखे अक्षर 
बता रहें कि मैं कितनी ख़ूबसूरत हूं

और आखिर में तुम मुझसे 
पूछना कि तुम कुछ कहना चाहती हो?
और फ़िर मैं कह दूंगी तुम्हें कि

मैं सुनना चाहती हूं 
मेरी उम्र पर लिखी कोई नज़्म
जो वक़्त की झुर्रियां से कभी बुड्ढी ना हो

और बेनाम तेरी कोई कहानी होना 
चाहती हूं जिसका कोई अंजाम लिखना
 मुमकिन ना हो
______________
और ये ख़त का आखिरी पहरा
______________
कोई मुझे मुझ सा नहीं जानता
ये यकीं बहुत मुश्किल से बना पाई हूं 
कि मुझे कोई तुमसा नहीं जानता

ये मेरी कल्पनाएं है जो बेहिस 
उतार दी हैं मैंने ख़त पर
गर मिले कभी ये ख़त तुम्हें तो
जवाब में तुम समझदारियां लिखना
__________
© सरिता नैण

1 टिप्पणी:

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था !

इस बार घर जाने का मन बिल्कुल नहीं था  हमेशा खुद से ही तैयार होकर जाना बोरिंग होता है  ना कोई जाने की खुशी और ना ही पीछे कुछ छुट जाने का डर ल...