एक दास्तां उस गुमशुदा शख़्स की जिसके वक़्त की तारीख़ों में ज़िंदगी सी गई है! कहानी लिखने के लिए कहानी होना पड़ता है…!
____________________
कोई फ़रवरी वैलेंटाइन की आस लिए उम्रभर अटकी रहती है…मोहब्बत में बहारों के लुफ़्त उठाने के लिए किसी मौसम का होना जरूरी नहीं होता। मोहब्बत ख़ुद में मुकम्मल एक ऐसा मौसम है जो पतझड़ में नई कलियां और रेगीस्तान में बेवक्त घनघोर बारिश कर सकता है। यहां मोहब्बत के कलाकार बेनूर ज़िंदगी में एक-दूजे की पसंद के नए रंग भरते हैं।
कुछ पल निहारूं
कुछ पल बात करूं
तू ही बता मेरे यारा
मुकम्मल कैसे कोई
मुलाकात करूं…!
कुछ ऐसे ही ज़िंदगी के जज़्बातों पर ठहरी हुई तारीख़ों का हिसाब करने की कोशिश कवि उम्मेद गोठवाल ने की है। एक गुमशुदा शख़्स की डायरी के जरिए कवि हमें बताते हैं कि उम्मीद के बीच भटकती तारीख़ें अपना क़र्ज़ ताउम्र दोगुना ब्याज सहित वसूलती रहती है।
आ साथी कि कोई ख्वाब बुनते हैं
आ साथी कि कोई मंजिल चुनते हैं
"ठहरी हुई तारीख़ें" किताब में कवि एक लड़के की गुमशुदगी दर्ज कराते हैं जो समाज के भुलभुलैया में अपनी तिलस्मी ज़िंदगी को खो दिया है। जो एक ऐसी अप्सरा के प्रेम में विलीन है जिसके बिना वह जिंदगी का एक पल भी जीने की कल्पना नहीं कर सकता। यहां सभी क़िरदार अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं लेकिन लक्ष्मी जो यहां एक लड़की को उपनाम दिया गया है और हर बार सखी नाम से संबोधित किया है, एक ऐसा क़िरदार है जिसके बिना इस शख़्स की कहानी की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
होने और न होने की कश्मकश के बीच...लव यू ज़िंदगी
इस गुलाबी शहर में उन परिंदों के पास ढ़ेर सारा वक़्त तो होता था लेकिन कोई कायदे नहीं होते थे। बेपरवाही से इश्क़-ए-सफ़र में हवा सा बहते और बादलों सी उड़ान भर मोहब्बत की प्यासी धरती पर अपनी वफ़ा की बारिश करते।
देह की बांसुरी पर ही प्रेम की राग छेड़ी जा सकती है… प्रेम आत्मा में प्रज्वलित दीपक है जिसके आलोक में देह और दुनिया ताउम्र प्रकाशमान रहते हैं… वो दोनों अपनी सहजता से प्यार के पलों में कहीं जिस्म के ख़ुबसूरत रंग भरते तो कहीं कायनात के सिद्धांत में ख़ुमार हो जाते।
बारिशों में
ऊंचे टीलों की भीगी रेत पर
हमने लिखे
एक-दुजे के नाम
वक़्त की धूप सूखाती रही
आंधियां उड़ाती रही
बारिशों में
फ़िर लिखते रहे हम
एक-दुजे का नाम
याराने
यूं ही
निभाये जाते हैं।
ऐसा सिर्फ हमारी सपनों की दुनिया में ही संभव हो सकता है क्योंकि ऐसा होना हक़ीक़त में मुमकिन नहीं है। लेकिन जब ज़िंदगी इश्क़ पर सवार होती है तो हमारा दिल दुनिया और समाज की परवाह करने की इजाज़त हमें नहीं देता। फ़िर सब कुछ बेपरवाह हो जाता है जैसा कि इस किताब के क़िरदार में हमें देखने को मिलता है।
तुम्हें देखना खुद को
देखना है,
अब आईने की ज़रूरत नहीं
मुझे!
मैं जब भी लिखूं
प्रेम समझना
तुम्हें लिखा है…
पढ़कर महसूस होता है कि वो लड़का अपनी माशूका से बेइंतहा मोहब्बत करता है। इस गुमशुदा शख़्स ने अपने लफ़्ज़ों को ठहराकर अपनी ख़ामोशी को ठहरी हुई तारीख़ों के इंतजार में तब्दील कर दिया है। इस किताब के मुकम्मल होने के लिए उसे अपने बिखरे अरमानों की लाश से गुजरना पड़ा।
ज़िंदगी भी एक मुकम्मल कहानी ही है गर ढंग से पढ़ना आ जाये…!
इस किताब में कवि उम्मेद गोठवाल ने इस कदर जिंदगी के दर्द और सुकून के रंग बिखेरे हैं कि अगर आप एक मंझे हुए ज़िंदगी के आशिक हैं और इश्क़ को अपनी रगों में बहाते हैं तो इस किताब को पढ़कर हर एक छोटी घटना को खुद की जिंदगी के साथ महसूस करेंगे! जब आप इस किताब का आधा सफ़र तय कर लेंगे तो खुद को बेतरतीब और असहज पाएंगे।
किसी दिन लिखना होता है
भीतर समंदर की लहरें
पछाड़ खाकर गिरती हैं
पत्थरों पर
मरना होता है
लिखना होता है किसी दिन
अलविदा…!
अलविदा…! यह एक ऐसा शब्द है जो मुकम्मल दिलों को तोड़कर बिखेर देता है फ़िर टुटते हुए आईने की तरह हर बिखरे हुए टुकड़ों में सिर्फ़ फुटी हुई तस्वीर ठहर जाती है।
जब आप प्यार में होते हैं तो कायनात आपके कदमों में होती है, और जब प्यार में टुटते हैं तो कायनात का भार आपके कंधों पर होता है…
हां... हां…
मजबूरी है,
दूरी
बहुत जरूरी है…!
जब जिंदगी से मोहब्बत का सूरज अस्त हो जाता है तो फ़िर सिवाय अंधेरे के कुछ नहीं बचता है। मेरे दिलो-दिमाग में उस गुमशुदा शख़्स की छवि ऐसे उभर आई है कि मिटने का नाम नहीं लेती। मैं इस शख़्स की कहानी में इतना डूब गई कि न जाने क्यों बार-बार मैं उस लड़के की ज़िंदगी के दर्द-ए-तसव्वुर में चली जाती हूं।
उसने अपनी डायरी का आखिरी पन्ना कुछ इस तरह से दर्ज़ किया कि-
आखिरी सांस तक
तुम्हारी याद आ रही है
तेरा इंतज़ार है
जो मुझे
जीने नहीं देता…!
और
इक उम्मीद है
जो मुझे
मरने नहीं देती…!
लौट आओ कि इन ठहरी हुई तारीख़ो को अर्थ मिले
इस किताब के लिए मैं सिर्फ़ इतना ही कहना चाहूंगी कि आपके दिल में इस किताब को पढ़ने की तलब जाग जाएगी। और आखिरी की दो पंक्तियां सिर्फ उस गुमशुदा शख़्स के लिए समर्पित है जो इस किताब को मुकम्मल कर गया-
ज़रा ठहरकर देख तो इस ख़ाक़ को ,
यह ज़द से बेखबर इन लफ़्ज़ों का नज़ारा है !
_____________
*ख़ुदा हाफ़िज़*
____________
©सरिता नैण
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें